Showing posts with label अमेरिका. Show all posts
Showing posts with label अमेरिका. Show all posts

3/03/2010

हालिया कुछ दिखी फ़ि‍ल्‍में..

un uomo in ginocchio इसी को कहते होंगे डेस्टिनी, चीज़ों को कहां-कहां पहुंचाती है. या नहीं पहुंचाती. कि उदासियों के करीने से सजाये कंपोशिज़ंस और छोटे शहर के लंबे जारमुशी ट्रैक शॉट्स ‘लेक ताहो’ को बर्लिन पहुंचाते हैं, मगर अदरवाइस मैक्सिको के बाहर की बहुत यात्रायें नहीं करवाते. उसकी जगह सिंगापुर की तमिलभाषी, अपेक्षाकृत स्‍थूल, ‘माई मैजिक’ के दुश्‍कर जीवन की नाटकीयता सीधे कान के कंपिटिशन में जगह बनाती है. एक दूसरी, पुरानी फ़ि‍ल्‍म, जो यूं ही अनजाने हत्‍थे चढ़ी और देखते हुए मन अघाया वह थी, सन्र ’78 की बनी इटली के दमियानो दमियानी की ‘घुटने पर आदमी’. मैं दमियानो की दुनिया से बहुत वाकि‍फ नहीं तो मेरे लिए फ़ि‍ल्‍म कुछ आंख खोलनेवाली थी. एक आम आदमी के नज़रिये से पलेर्मो के माफिया-जाल-जंजाल की धीमे-धीमे वहशतनाक परत खोलती, लेकिन कोई-सा भी ऑवियस ड्रामा नहीं, कपोला का रोमांस, या ब्रायन द'पाल्‍मा का ‘स्‍कारफेस’ या ‘द अनटचेबल्‍स’ की प्रकट हिंसा नहीं, बस धीमे-धीमे गरम शीशा चूता रहता है और स्‍थान, समाज-विशेष में आदमी की नियति का एक सघन निबंध बुनता चलता है. आदमी की नियति से देखे हुए एक हालिया अमरीकी फ़ि‍ल्‍म की भी याद. फ़ि‍ल्‍म है ‘अप इन द एयर’, सुआव और अटरली सिनि‍कल क्‍लूनी, मंदी के दौर में कंपनियों के मालिकों वाला काम कर रहे हैं, मतलब शहर-शहर घूम-घूमकर लोगों को ‘फायर’ कर रहे हैं, चेहरे पर शराफ़त की हंसी चढ़ाये, निस्‍संगता के बर्बरगीत की एक नयी पैकेजिंग किये, समझदारी से लिखी, कही फ़ि‍ल्‍म किसी भी तरह की अतिशयता से बचती है और फ़ि‍ल्‍म के आखिर क्रेडिट रोल्‍स में देखकर अच्‍छा लगता है कि 52 वर्षीय काम से बहरियाये केविन रेनिक ने दरअसल टाइटल गाने की लिखाई और धुन की बनाई की है. हाल की दो और फ़ि‍ल्‍मे जो हौले-हौले खुलती किताब बनती रहीं, वह थीं सॉलिडली गठी हुई आर्जेंटिनियन थ्रिलर ‘द सिक्रेट इन देयर आईस’ और कुछ लगभग उसी अनुपात में, उतनी ही अनगढ़, मगर अपने ठहराव में बांधनेवाली, स्‍वीडन की ‘फाल्‍कनबर्ग फेयरवेल’.

1/27/2008

रिज़र्वेशन रोड

साल: 2007
भाषा: अंग्रेजी
लेखक: जॉन बर्न्हम श्‍वॉटर्ज़ व टेरी जॉर्ज
निर्देशक: टेरी जॉर्ज
रेटिंग: **

हमारी आत्‍मा में झांके फ़ि‍ल्‍म हमारे यहां इतना विकसित माध्‍यम नहीं. गाहे-बगाहे आंख में झांक जाये उतने से ही हम आत्‍मा जुड़ा लेते है. नहीं तो औसतन तो यही होता है कि ज़्यादा वक़्त किसी ‘संडे’, किसी ‘वेलकम’ की संगत में हेंहें-ठेंठें करते हैं और नहीं करनेवाले को बिना बोले नज़रों से जवाब देते हैं कि इसमें अजीब क्‍या है.. टेरी जॉर्ज़ की ‘रिज़र्वेशन रोड’ की यही खूबी है कि वह आत्‍मा में झांकती नहीं, फ़ि‍ल्‍माअवधि के अधिकांश में वहीं बनी रहती है. कभी इतनी-इतनी देर तक रहती है कि फ़ि‍ल्‍म के क़ि‍रदारों के साथ हम भी वही तक़लीफ़ें और संत्रास जीने लगते हैं जिसने एक पारिवारिक दुर्घटना में उलझाकर एकदम से उनका धरातल बदल दिया है. बाज वक़्त लगता है त्रासदी में इन्‍वॉल्‍व्‍ड ये चरित्र हाड़-मांस की देह नहीं, मन:स्थितियों का विशुद्ध गैस और इमोशन हैं! थोड़ी नाटकीयता का रिस्‍क लेते हुए कहना चाहूंगा कि इन अर्थों में फ़ि‍ल्‍म के चरित्र जैसे लगातार एक दोस्‍तॉव्‍स्‍कीयन दुनिया में मूव करते रहते हैं. टेरी जॉर्ज़ की एक सबसे सराहनीय बात है कि कहानी की महानाटकीयता के बावजूद फ़ि‍ल्‍म कहीं भी नाटकीय लटकों में नहीं फंसती. फ़ि‍ल्‍म के शुरुआती दस मिनटों में अलबत्‍ता इस ख़तरे की आशंका होती है.. मगर उसके बाद की अवधि अच्‍छी, ईमानदार फ़ि‍ल्‍मों के भूखे दर्शक को खांटी सिनेमा से आश्‍वस्‍त करती है. अच्‍छे तो सब हैं लेकिन त्रासदी में सबसे ज्यादा उलझे चरित्रों को प्‍ले कर रहे जॉकिम फिनिक्‍स और मार्क रफ्फलो दोनों की एक्टिंग काफी इम्‍प्रेसिव है..

कंटेपररी समय में शहरी जीवन के मनोलोक के पारदर्शी सिनेमा में आपकी रुचि हो तो ‘रिज़र्वेशन रोड’ तक की एक कसरत आप भी कर आइए.

12/01/2007

माइकल मूर की सिको

साल: 2007
भाषा: अंग्रेजी
लेखक-निर्देशक: माइकल मूर
रेटिंग: ***

बहुत बार गांव में रहनेवाला व्‍यक्ति बाहरी संसार को सिर्फ़ किवदंतियों और उड़ी हुई सूचनाओं के सहारे जानता है. बाहरी जगहों की झूठी कहानियां ही उसका निजी यथार्थ बनी रहती हैं. माइकल मूर अपनी ताज़ा डॉक्‍यूमेंट्री ‘सिको’ में समूचे अमरीकी मानस को एक ऐसे बड़े गांव की ही तरह दिखाते हैं.. जहां सरकार (निक्‍सन के ज़माने से) और राक्षसी मेडिकल इंश्‍युरेंस कॉरपोरेशंस की मिली-भगत से हेल्‍थ केयर के क्षेत्र में साधनहीन तो दूर, ठीक-ठाक मध्‍यवर्गीय परिवार भी अपनों को कुत्‍तों की मौत मरता देख रहे हैं और स्‍तब्‍ध हैं.. मगर आधुनिक जीवन के इस दुश्‍चक्र से बाहर आने का जिन्‍हें विकल्‍प नहीं दिखता.. जबकि अमरीका के ठीक पड़ोस कनाडा में हेल्‍थ केयर हर नागरिक के लिए मुफ्त है (मूर कनाडा के बाद हमें इंग्‍लैण्‍ड और फ्रांस घुमाते हैं, और दिखाते हैं कि वहां भी कनाडा की ही तरह नागरिकों के स्‍वास्‍थ्‍य का जिम्‍मा सरकार है, और सेवायें मुफ़्त है).. जबकि एक आम अमरीकी की पारंपरिक नज़र में कनाडा, इंग्‍लैण्‍ड, फ्रांस अमरीका की तुलना में हास्‍यास्‍पद मुल्‍क हैं.. क्‍यों? फिल्‍म के बीच कहीं मूर मज़ेदार सवाल करते हैं, कहीं इसीलिए तो नहीं कि हमारे शासक नहीं चाहते कि हम इन मुल्‍कों के अच्‍छे पहलू देखें और अपने जीवन में उसकी कामना करें?..

दो घंटों की इस बड़ी डॉक्‍यूमेंट्री में, जैसाकि मूर की अन्‍य फ़ि‍ल्‍मों के साथ भी है, ख़ास रवानी और रोचकता बनी रहती है. बीच-बीच में ऐसे हिस्‍से आते हैं ठहरकर सोचने का मन करे. फ़ि‍ल्‍म में एक दृश्‍य है जब एक बड़ा कॉरपोरेट अस्‍पताल पैसा भर पाने में लाचार मरीजों को गाड़ि‍यों में भर बाहर सड़क पर ठेल आता है. वॉयस-ओवर में मूर सवाल करते हैं: “May I take a minute to ask a question that has been on my mind? Who are we? Is this what we've become? A nation that dumps its own citizens like so much garbage on the side of the curb, because they can't pay their hospital bill?... आगे कहते हैं: “I always thought and believe to this day that we're good and generous people. This is what we do when somebody's in trouble.. They say that you can judge a society by how it treats those who are the worst-off. But is the opposite true? That you can judge a society by how it treats its best? Its heroes?”

अमरीकी भलमनसी की तस्‍वीरों से होती हुई फ़ि‍ल्‍म कुछ उन आम फायर फाइटरों के जीवन में झांकती है जिन्‍होंने 9/11 के दरमियान महीनों मलबों के भीतर जनसेवा में गुजारे थे, मलबों के भीतर गुजारे समय के असर में पांच वर्षों बाद अब जब वे अजीबो-गरीब बीमारियों से ग्रस्‍त हैं तो सरकार ने उनकी किसी भी तरह की मदद से हाथ खींच लिए हैं. आतंकवादियों के रख-रखाव वाला सबसे बड़ा अड्डा ग्‍वांतानामो बे में बीमारों की देखरेख के लिए सब सुविधाएं हैं, सरकार ने इसका विशेष इंतज़ाम किया है, लेकिन 9/11 के आम हीरोज़ को उसने उनके हाल पर छोड़ दिया है..

एक अच्‍छे एक्टिविस्‍ट फ़ि‍ल्‍ममेकर की तरह मूर यहां एक मज़ेदार काम करते हैं. ऐसे इन सारे मरीजों को किराये की तीन नावों में लाद सीधे ग्‍वांतानामो बे पहुंचते हैं कि भइया, ख़ासम-खास आतंकवादियों की देखभाल कर रहे हो तो अपने हीरोज़ की भी करो! जब ग्‍वांतानामो में दाल नहीं गलती तो मूर एक और नाटकीय कदम उठाते हैं.. सीमावर्ती जल से लगे वहीं से क्‍यूबा में प्रवेश करते हैं.. वहां जाने पर एक और मज़ेदार बात खुलती है कि वहां भी स्‍वास्‍थ्‍य सेवा मुफ्त है, और जिस एक खास दवा के लिए मरीज़ 120 डॉलर भर रहा था, वहां वह महज 6 सेंट में उपलब्‍ध है!

क्‍यों है अमरीका में मेडिकल जायंट कॉरपोरेशंस का ऐसा दबदबा, खौफ़, खुली लूट? अपने नागरिकों के साथ सरकार का दो कौड़ि‍यों का व्‍यवहार? सिर्फ़ इसीलिए कि लुटेरों से उसकी सीधी मिली-भगत है, या इसलिए भी अमरीकी सिस्‍टम अपने नागरिकों को हमेशा खौफ़ और आतंक के माहौल में रखती है? टॉनी बेन, पूर्व इंगलिश सांसद, नेशनल हेल्‍थ केयर का इतिहास किस्‍सा बताते हुए एक जगह लोकतंत्र के बारे में दिलचस्‍प टिप्‍पणी करते हैं- “I think democracy is the most revolutionary thing in the world. Far more revolutionary than socialist ideas, or anybody else's idea. But if you have power, you use it to meet the needs of your community. And this idea of choice that Capitalism talks about all the time, ‘you gotta have a choice’, Choice depends on the freedom to choose. And if you're shackled in debt, you don't have a freedom to choose. It seems that it benefits the system, If the average working person is shackled and is in debt? Yes, because people in debt become hopeless, and hopeless people don't vote. See, they always say that everyone should vote But I think, if the poor in Britain or the United States turned out and voted for people representing their interests, it would be a real democratic revolution. So they don't want it to happen."

माइकल मूर का सिको संबधी एक इंटरव्‍यू:

7/14/2007

मास्क्ड एंड एनॉनिमस

डाइरेक्टर: लैरी चार्ल्स
लेखक: बॉब डिलन और लैरी चार्ल्स
संगीत: बॉब डिलन
साल: 2003
अवधि: 101 मिनट
रेटिंग: ***

टैगलाइन: Would you reach out your hand to save a drowning man if you thought he might pull you in?



सितारों की चकाचौंध को मैनेज करते, अपने बचाव में हर प्रकार का भाषाई तर्क गढ़ते और शराब पी-पी कर कंगाल हो चुके ईवेन्ट प्रोड्यूसर जॉन गुडमैन.. राजनीति की दलाली में नोट गिनने वाले टी वी चैनल मालिकों से फटकार पाने और अपने नीचे वालों पर रौब गाँठने के बीच खोखली हो चुकी टी वी एक्ज़ीक्यूटिव जेसिका लैंग.. सारे संसार से जवाबदेही करने को तैयार, मनुष्यता की गंद में लिथड़ने वाला पत्रकार जेफ़ ब्रिजेस.. संगीत की सच्चाई के सहारे दुनिया में एक सपनीले जीवन की रूमानियत लिए फ़िरते संगीत प्रेमी ल्यूक विलसन.. धैर्य, तिकड़म और बारूद तीनों के इस्तेमाल से सड़क से शीर्ष तक का सफ़र करने वाले सत्ता के लालची मिकी रूर्क.. हर बुरे प्रभाव को श्रद्धा और भक्ति से भगा देने में तत्पर भयाकुल पेनोलूप क्रूज़.. इन के अलावा वैल किल्मर, क्रिस्चिअन स्लेटर, एंजेला बेसेट, जोवान्नी रिबिसी और एड हैरिस एक साथ एक फ़िल्म में कर क्या रहे हैं?..

मुख्य भूमिका निभा रहे बॉब डिलन के इर्द-गिर्द छोटे-मोटे किरदार कर रहे हें..

बॉब अपने वास्तविक जीवन की तरह फिल्म में भी एक रॉक म्यूज़िक लीजेंड की भूमिका में हैं.. जिसका करियर सालों पहले समाप्त हो चुका है..

अभिनय के इन तमाम दिग्गजों का शानदार अभिनय.. आत्मिक आनन्द देने वाला मिज़ान-सेन.. गहरी परतदार स्क्रिप्ट.. और आपके अन्दर गहरे तक उतरते रहनेवाला संगीत.. और क्या उम्मीद करते हैं आप एक फ़िल्म से..? ख़ासतौर पर तब जब वह किसी निर्देशक की पहली फ़ि‍ल्‍म हो!.. हो सकता है आप को पहले दफ़े आनन्द तो भरपूर आये मगर हर बात समझ न आय.. तो दुबारा देखियेगा.. समझ में भी आयेगी और आनन्द भी बढ़ जाएगा..

- अभय तिवारी