यह जिस पर लोग बहुत ‘जय’, ‘जय’ कर रहे हैं, मेरे पास लिखने को कुछ नहीं है, सिवाय इसे याद करने को कि राष्ट्रीय हिंदी सिनेमा से क्षेत्रीय, और ख़ास तौर पर दक्षिण का सिनेमा आत्मविश्वास से चार कदम आगे चलने लगा है. मगर इतना ही, इससे आगे कहने पर मुंह बंध जाता है. ‘सरदार उधम’ के बारे में भी नहीं था. हां, उसमें यह बात थोड़ी बेहतरी वाली थी कि ड्रामा के तत्व ज़रा कम, अंडरप्लेड थे. एक सुर में कहानी आगे-पीछे घूमती चलती थी, सुजीत सरकार का सिनेमा हालांकि निजी तौर पर मुझे पसंद है, मगर 'उधम' में दिलचस्पी बनाये रखना मेरे लिए मुश्किल काम हो रहा था. ख़ैर, उधम के बरक्स ‘जय जय’ में ड्रामा बहुत-बहुत है. शुरुआती पंद्रह मिनटों के बाद बाकी के एक सौ पचास मतलब खालिस ढाई घंटे, एक लूप की तरह पलट-पलटकर दलितों की पिटाइयां हैं. उनकी चीख़-चीत्कार, दुर्गति, तबाहियों की रीपीटिटीव तस्वीरें हैं, लोगों के जीवन में झांकने, समझने की कोई इन्वॉल्विंग अंतरंगता नहीं है, न पिटते दलितों की बाबत, न उन्हें पीटनेवालों की दुनिया के बारे में. जो है वह बड़ा संक्षिप्त और वन लाईनर नुमा है, ज़्यादा सारा कुछ नुक्कड़ नाटक की बुनावट-सा है. प्रतिकारी, क्रांतिकारी नायक वक़ील चंद्रु के चेहरे पर कभी भाव नहीं आते, एक बेजान मुर्दनगी तनी रहती है, सोच के पेचीदा क्षणों में वह दीवार पर बॉल फेंककर उसे कैच करता रहता है, मैं भी रह-रहकर फिल्म कैच करने की कोशिश कर रहा था, थोड़ी देर बाद हिम्मत ने जवाब दे दिया.
11/08/2021
11/04/2021
हैप्पी दीवाली
राजू का रोज़ी से एक वादा रहा होगा, मेरा एमानुएल देवोस से नहीं रहा। कभी नौबत नहीं आई। “एक क्रिसमस कथा” देखते समय यह बात ख़याल में आई थी कि फुसफुसाकर एमानुएल से कह दूं, कि आरनॉ देस्प्लेंसां ने फ़िल्म में इतना ज़रा-सा रोल दिया, और उसमें भी तुमने चार चांद लगा दिया, कैसे किया भला? एमानुएल कुछ नहीं बोली। अच्छे एक्टर बहुत बार बहुत देर बाद बोलते हैं। कथा के कुछ वर्षों पहले ज़ाक ऑदियार की एक फ़िल्म आई थी, “मेरे होंठ पढ़ो”, इस बार भी एमानुएल थी, विन्सेंट कासेल के साथ। मैं कहीं नहीं था। कहीं का नहीं था। आवाज़ नहीं थी। शोर और तोड़-फोड़, घबराहटों की थी, एमानुएल के नहीं थी। उसका किरदार ही ‘म्युटेड’ था, कुर्सी पर बैठी वह दूर से तकती रहती और लोगों के होंठ पढ़कर उन्हें सुन लेती। लोगों को उसके सुनने के भावों को पढ़ते हुए मैं सन्न होता रहा। इस तरह से भी एक्टिंग होती है? मगर फ्रेंच सिनेमा के बहुत सारे एक्टरों में ऐसा बहुत कुछ है कि आप देखकर सन्न होते रहें। मैं जब दुनिया में नहीं आया था तब से रहा है। किसी अगले पोस्ट में नाम गिनाऊंगा।
क्रिसमस कथा से पहले देसप्लेसां की एक और फ़िल्म थी, “राजा और रानी”, उसमें एमानुएल को देखने जीभ पर शराब रखकर ख़ुद को
भूलने जैसा था। तब भी मन में ख़याल आया था अब एक वादा कर ही लूं। मगर एमानुएल मुझे
देख नहीं रही थी। मेरे होंठ पढ़ना तो बहुत दूर की बात। मैं ही लौट-लौटकर उसे पढ़ता
रहा। एक के बाद एक दिलचस्पी का रहस्यलोक बुननेवाली कई फ़िल्में थीं – “ज़ील की औरत”, “दूसरा बेटा”, “फुसफुसाहट”। और फिर कल रात, मुंह में छेना-पायस और एमानुएल के अभिनय
का स्वाद गुनता मैं “परफ़्यूम्स” देखकर देर
तक सन्न होता रहा। तो आदमी (या औरत) इस तरह से भी महकों में गुम सकता/सकती है। और अपने
दर्शकों को गुमा। सकती है? इम्पोस्सिब्ल!
11/03/2021
कारवां गुज़र गया, गुबार देखते रहे..
गोपालदास नीरज पर फ़िल्म डिविज़न ने आधे घंटे की एक डॉक्यूमेंट्री चढ़ाई है।
जैसा आमतौर पर समाज कवियों को बरतकर निकल लेता है, लद्धड़-सा
ही काम है, मगर फ़ुरसत लगे तो कभी एक झलक ले लीजिए। कवि के बचपन
की ग़रीबी और इटावा का पास-पड़ोस दिखेगा। कवि ख़ुद दोस्तों के साथ उम्र की थकान ओढ़े
ताश की एक बाजी खेलते दिखेंगे। अपने ख़ास शब्दों के चयन और रवानी की टेकनीक पर कुछ
बोलते-बतियाते भी..
10/15/2021
बाप के दर्द होता है
नेटफ्लिक्स पर एक रुमानियन फ़िल्म है, ‘पापा पहाड़ हटाते हैं’, सरकारी इंटैलिजेंस की नौकरी से बाहर आया मीरचा पहाड़ क्या, पहाड़ के बापों को हटा सकता है, देश जितना पिछड़ा और संस्थागत तौर पर जर्जर हो, पहाड़ हटाने, तथ्यों को दबाने, संस्थाओं का अपने हित व स्वार्थ में बरतने की ताक़त उतनी ही बढ़ भी जाती है। 1989 में निकोलाय चायचेस्कू के तख्ता-पलट से रुमानिया तानाशाही के पाप से मुक्त नहीं हो गया। समाज से एक तानाशाही हटती है तो समाज दूसरी महीन तानाशाहियों को जगह देने की ज़मीन निकाल लेता है, मीरचा जैसे लोग ऐसी ज़मीनों के नेटवर्क से बेहतर वाकिफ़ हैं, इसलिए गर्लफ्रेंड के साथ पहाड़ों की तफरीह पर गया बेटा जब उन पहाड़ी तूफ़ानों में ऊपर की बर्फीली दुनिया में गुम गया है, मीरचा इसको ठेलता, उसको धकेलता बेटे की खोज में पहाड़ों को हिलाने, बेटा पाने पहुंचता है। और रुमानिया की पिछड़ी दुनिया में ताक़त और पहुंचदारी के संसार को हम धीरे-धीरे खुलता देखते हैं। मतलब नेगोशियेसन ऑफ़ पॉवर इन अ नट-शेल।



