Showing posts with label फ्रेंच सिनेमा. Show all posts
Showing posts with label फ्रेंच सिनेमा. Show all posts

11/04/2021

हैप्‍पी दीवाली

राजू का रोज़ी से एक वादा रहा होगा, मेरा एमानुएल देवोस से नहीं रहा। कभी नौबत नहीं आई। “एक क्रिसमस कथा” देखते समय यह बात ख़याल में आई थी कि फुसफुसाकर एमानुएल से कह दूं, कि आरनॉ देस्‍प्‍लेंसां ने फ़ि‍ल्‍म में इतना ज़रा-सा रोल दिया, और उसमें भी तुमने चार चांद लगा दिया, कैसे किया भला? एमानुएल कुछ नहीं बोली। अच्‍छे एक्‍टर बहुत बार बहुत देर बाद बोलते हैं। कथा के कुछ वर्षों पहले ज़ाक ऑदियार की एक फ़ि‍ल्‍म आई थी, “मेरे होंठ पढ़ो”, इस बार भी एमानुएल थी, विन्‍सेंट कासेल के साथ। मैं कहीं नहीं था। कहीं का नहीं था। आवाज़ नहीं थी। शोर और तोड़-फोड़, घबराहटों की थी, एमानुएल के नहीं थी। उसका किरदार ही ‘म्‍युटेड’ था, कुर्सी पर बैठी वह दूर से तकती रहती और लोगों के होंठ पढ़कर उन्‍हें सुन लेती। लोगों को उसके सुनने के भावों को पढ़ते हुए मैं सन्‍न होता रहा। इस तरह से भी एक्टिंग होती है? मगर फ्रेंच सिनेमा के बहुत सारे एक्‍टरों में ऐसा बहुत कुछ है कि आप देखकर सन्‍न होते रहें। मैं जब दुनिया में नहीं आया था तब से रहा है। किसी अगले पोस्‍ट में नाम गिनाऊंगा।

क्रिसमस कथा से पहले देसप्‍लेसां की एक और फ़ि‍ल्‍म थी, “राजा और रानी”, उसमें एमानुएल को देखने जीभ पर शराब रखकर ख़ुद को भूलने जैसा था। तब भी मन में ख़याल आया था अब एक वादा कर ही लूं। मगर एमानुएल मुझे देख नहीं रही थी। मेरे होंठ पढ़ना तो बहुत दूर की बात। मैं ही लौट-लौटकर उसे पढ़ता रहा। एक के बाद एक दिलचस्‍पी का रहस्‍यलोक बुननेवाली कई फ़ि‍ल्‍में थीं – “ज़ील की औरत”, “दूसरा बेटा”, “फुसफुसाहट”। और फिर कल रात, मुंह में छेना-पायस और एमानुएल के अभिनय का स्‍वाद गुनता मैं “परफ़्यूम्‍स” देखकर देर तक सन्‍न होता रहा। तो आदमी (या औरत) इस तरह से भी महकों में गुम सकता/सकती है। और अपने दर्शकों को गुमा। सकती है? इम्‍पोस्सिब्‍ल!

सोचकर दंग और तंग अभी भी हो रहा हूं कि मैंने एमानुएल से कभी कोई वादा कैसे नहीं किया। क्‍या वादा किया होता और करके उसे फिर निभा नहीं पाया होता वह दूसरी कहानी होती, मगर वादा कर सकता था, और किया नहीं। इसकी टीस मन से जाएगी नहीं। फ्रेंच सिनेमा और एमानुएल देवोस की एक्टिंग ही नहीं, मन में हज़ार और टीसें हैं, कुछ भी कहीं नहीं जाने को। छेना पायस से मुक्ति नहीं मिलती, नौ मिनट की बहक और संतोष का एक छद्म भले मिलता हो। सिनेमा भी क्‍या है, एक समानान्‍तर संसार की भुलावे की छायाएं ही तो हैं? फिर भी, एमानुएल, स्टिल नॉट नोइंग तुम्‍हारा पारिवारिक, सामाजिक सीन क्‍या है, आई टेरिबली मिस यू। फ़ील ए हॉरिबल होल इनसाइड माई हार्ट। और वादा-सादा तो चलो उसके बारे में अपने दोष क्‍या गिनायें, एक हल्‍का कोई जेस्‍चर तक टुवर्डस यू कुछ नहीं किया, आयम सो टेरिबली सॉरी, रियली। आठ और बारह साल पहले एक ‘हैप्‍पी दीवाली’ तो कह ही सकता था? बट सी, नहीं कहा। ठीक है, अब कह रहा हूं, मुंह पर हाथ धरकर ही सही। सुन रही हो? 

3/05/2015

एक अभिनेत्री की देह

अभिनय अजीब खेल है जिसमें बाज दफ़ा मौके बनते हैं जब खेलने को हाथ में कुछ नहीं होता. मसलन एकांत के ये कुछ सिचुयेशंस लीजिये. ज़रा-सी रौशनी के बिछौने में उठंगे लेटे, सरककर कोई चीज़ उठानी है, माथे के पीछे हाथ लिये किसी पुरची से कुछ पढ़ने लगना है, उठकर दरवाज़ा खोलना, सीढ़ि‍यां उतरकर रसोई में आना, कुर्सी पर बैठना है, और इसी तरह कुछ देर बैठे रहना है. ऐसे इंस्‍ट्रक्‍शंस, जिसमें मुंह बनाना, या हाथ-पैर चलाना, या बंदबुद्धि की अन्‍य पशुवत हरकतें नहीं करनी हों, को पढ़कर हिन्‍दी सिनेमा का एक्‍टर क्‍या करेगा? या तो सचमुच मुंह बनाने लगेगा, या बैठी हुई कुर्सी से उठकर सचमुच दरवाज़े से बाहर निकल जाएगा जहां उसे ऐसी अमूर्त बुनावट की कथा और वैसे सोच के निर्देशक के साथ काम करके अपना नाम (और दाम) उलझाने का संकट न खड़ा हो.  

हिन्‍दी सिनेमा किसी भी तरह के एकांत से, कैसे भी अमूर्तन से, तीन हाथ तो क्‍या कहें, तीन किलोमीटर की दूरी बनाकर चलता है. एक्‍टर को हमेशा कुछ करते हुए दिखना होता है, वह जब कुछ नहीं कर रहा हो का दृश्‍य निर्देशक की कल्‍पना व स्क्रीनप्‍ले की संरचना में हो तो भी वह फाईनल फ़ि‍ल्‍म में जगह नहीं पाती. कैसा भी किरदार हो, बिना दांत चियारे की उसकी हंसी नहीं होती. बंद मुंह की हंसी का ख़याल हिन्‍दी सिनेमा के लिए अभी भी घबराहट व एंग्‍साइटी का संसार है. इसीलिए भी है कि चेहरे व हाव-भाव की स्‍थूल अभिव्‍यक्तियां वह सीपी में फटी आंखों टहलता पीके हो, या सींखचों के पीछे और उससे बाहर उखड़ती व लाजवाब होती जर्नलस्‍टन बाला, उनकी इन्‍हीं उछल-कूद के बीच हिन्‍दी सिनेमा में हम अभिनय की पहचान में अब तक आंखें फाड़े रहते हैं. मेरी तरह का पुरनिया, थका हुआ दर्शक, आंख या अन्‍य कुछ फाड़ने के बजाय, ऊबकर फ्रेंच फ़ि‍ल्‍मों की तारिकाओं के न कुछ करने के एकांतिक क्षणों के महीन पाठों के संधान में निकल जाता है.

पांचवे दशक के एकदम शुरू की ‘कास्‍क द'ओर' के ज़माने से ही फ्रेंच सिनेमा में सिमोन सिग्‍नोरेत की भव्‍य उपस्थिति का जलवा रहा है. उनके पीछे-पीछे ज़्यां मोरु, एनी ज़ेरारदो, कैथरीन देन्‍युव, इमानुयेल बर्ट, इसाबेल अद्यानी, और जुलियेट बिनोश जैसी अनूठी अभिनेत्रियों की लाजवाब कड़ी रही है. उससे बाद के दौर में ऑद्री ततू, मारियन कोतीलार, सेसील दे फ्रांस, मेलनी लॉरें जैसी दिलकश तारिकायें रही हैं. इन सभी नामों के बीच जो एक कॉमन थ्रेड है वह ये कि अच्‍छी अभिनेत्रियां होने के साथ-साथ ये फ़ाम, फताल भी वैसी ऊंचाइयों वाली रही हैं. बिनोश या अद्यानी का अच्‍छा अभिनय सराहते-सराहते आपको ख़बर भी न होती थी और छिपी नज़रों आप खुद को उनकी देह सराहते, व उसमें कुछ का कुछ तलाशते, पाते थे! और आपका कसूर होता भी नहीं होता था. मगर फिर फ़ाम फताली इन करिश्‍मों से बाहर चंद कुछ और नाम हैं जिनका अभिनय देखते हुए हम वह अभिनय ही देखते रहते हैं, सुगठित सौंदर्य का दबाब हमारे देखने के आड़े नहीं आता. कारीन विराद की कॉमिक उपस्थिति याद करिये, कुछ नहीं दिखनेवाले चीज़ों व परिस्थियों के रोज़मर्रे के दृश्‍यों में भी वह अपनी मौजूदगी से दायें-बायें अर्थ भरती रहती है. फिर फ्रेंच सिनेमा की अपनी दिलीप कुमारा इसाबेल हुपेर हुईं, पारम्‍परिक अर्थों में किसी भी सूरत में मनमोहिनी तो कतई नहीं, मगर शाब्रोल की ‘मदाम बॉवरी’ या ‘पियानो टीचर’ की उन सन्‍न उपस्थितियों के मार्मिक अभिनय-राग को याद करिये, धीमे-धीमे फिर खुलेगा हुपेर किस कैसे कैलिबर की एक्‍टर है. इससे आगे एक तीसरा नाम लेता हूं, गई रात जिसकी एक फ़ि‍ल्‍म निरखते हुए इस टिप्‍पणी को दर्ज़ करने का ख़याल आया, चौंसठ की जन्‍मी यह हैं इमानुयेल देवोस. भारी देह व फैली हड्डि‍यों वाली, कोई समझदार फ्लर्ट करने के पहले तीन मर्तबा सोचेगा (इतने वर्षों से मैं अभी तक सोच ही रहा हूं), ज़्यादा समझदार हुआ तो कुछ नहीं सोचेगा, सिर्फ़ उसकी लाजवाब उपस्थिति व अभिनय के जादू में बंधा सिनेमाई समय की गिनती भूल, देवोस की अगली फ़ि‍ल्‍म के इंतज़ार में, घबराया हिन्‍दी फ़ि‍ल्‍में देखता अपना समय खराब करेगा.

फिर ऐसा क्‍या ख़ास है भारी देह की, और बहुत हद तक टेढ़े नाक-नक्‍श वाली इस अनाकर्षक अभिनेत्री की उपस्थिति में? अच्‍छे अभिनय के लिए आमतौर पर लोग चेहरे पर विविधरंगी भाववन क्रियेट कर लेने की काबिलियत पर आश्रित होते हैं, इमानुयेल उससे तीन कदम और आगे जाकर अपने अभिनय के स्‍पेस में एक ऐसी दुनिया बुनती है जहां सिर्फ़ उसका चेहरा ही नहीं होता, पूरी देह, उसकी एक-एक बात, मानो उस किरदार विशेष की अंतरंग अनुभूतियों में सरोबार होता है. एक स्‍त्री का इस तरह अपनी देह से मुक्‍त हो जाना, और उसके समूचे अमूर्तन में अपने किरदार के कोने-अंतरे टटोलकर उसकी भव्‍य बुनावट खड़ी करते जाना, और एक बार नहीं, एक, दो, तीन, चार, पांच, छह, सात ऐसी ढेरों फ़ि‍ल्‍मों में, बार-बार उसे हासिल करना सचमुच विरल है.

इन पंक्तियों का लेखक बीस वर्षों से फ़ि‍ल्‍म बनाने की सोच रहा है, यह और बात है कि उसने इतने अर्से में बीस मिनट की कोई वीडियो भी नहीं बनाई, लेकिन कभी अगर कोई एक फ़ि‍ल्‍म बना सका, भले वह भोजपुरी में ही क्‍यों न हो, वह चाहेगा इमानुयेल देवोस उसका ज़रूर हिस्‍सा हों, भले वह आंख के आगे परदा किये (मेरे लिए, और सिर्फ़ मेरे लिए) ‘कितनी अकेली कितनी तन्‍हा तुमसे मिलने के बाद’ गाती ही क्‍यों न दीखे.



2/18/2012

सॉते, पिकोली, श्‍नाइडर.. क़िस्‍सा-ए-ज़िंदगी..

याद है लीनो वेंतुरा और नौजवान बेलमोंदो की काली-सफ़ेद उदास, तने तार सी चोट करती, पेट में गांठ बनाती फ्रेंच थ्रिलर “द बिग रिस्‍क”? सन् साठ की बनी फ़िल्‍म की स्‍टोरीटेलिंग और सिनेमैटिक उठान ऐसी थी कि दो साल पहले “टच ऑफ़ इविल” का सिनेमाई सप्‍तम बजा गए बाबू ऑरसन वेल्‍स‍ भी उसे देखकर क्‍लॉद सॉते को दाद देते. सॉते हिंदी और हिंदुस्‍तानी प्रियसुदर्शन होते तो फिर सारे जीवन छोटा रिस्‍क, एक और रिस्‍क और तीन रिस्‍क की राइसाइकलिंग करते होते.. मगर फ्रेंच सिनेकारों का ही मज़ा है कि वो जीवन भर एक ही मुन्‍ना भाई और हम दिल दे चुके बलम नहीं खेलते, गाते और भुनाते रहते, सॉते एक अकेले नहीं थे, ढेरों फिल्‍मकारों के साथ है कि बड़ी सफलताओं के बाद पहचानी और भुनी लीक के दायरे से बाहर, एकदम दूसरे सुर की रचनाएं कीं. (अपना फ्रांसुआ याद आया? त्रूफो? '400 ब्‍लोज़', 'ज़ूल व ज़िम', 'शूट द पियानो प्‍लेयर', 'एदेल एच की कहानी' या 'फारेनहाइट 451' में कहीं कभी कोई समानता नज़र आई?सिवाय एक पहुंचे हुए सुर के खुमार के?). ख़ैर. होता है. फ्रेंच सिनेमा में दिखता है. त्रूफो वाले रास्‍ते पर बहुत सारे फिल्‍मकार चलते दिखेंगे. इसीलिए वेंतुरा की सनसनी के दस वर्षों बाद अस्‍वाभाविक नहीं कि 1970 में सॉते मिशेल पिकोली, रोमी श्‍नाइडर और लीया मस्‍सारी के साथ “द थिंग्‍स ऑफ़ लाइफ़” बना रहे थे,
फ़ि‍ल्‍म के आखिर का आधा घंटा कार एक्‍सीडेंट में पिकोली का जख़्मी होना और अवचेतन में खुद से गुफ्तगू का बड़ा डेंस डॉक्‍यूमेंटेशन है. ऐसी गुफ्तगू फ्रेंच फिल्‍मों में ही संभव होते हैं. एक्‍सीडेंट के कुछ पहले पिकोली एक दूसरी तरह की दुर्घटना से गुज़र रहा है, उसके साथ कार में बैठी उसकी प्रेमिका श्‍नाइडर उसकी बाबत कुछ नेक़ विचार उसके कोट पर टांक रही है, उसी बातचीत की चंद पंक्तियां, अंग्रेजी में, मैं यहां टीप रहा हूं :

“You love me because I'm here. But if you had to cross the street, you'd be lost. You're like an old man… I want to weep. Because I'm tired. Tired of loving you… I can't give you what you no longer have: an island, old friends, a boat... a school, I don't know... streets, towns, a garden... a story. We have no story. For you, it's like childless couples... It's a failure. I can do nothing about it… You've nothing to say?”

ज़ाहिर है पिकोली प्रेमिका के साथ किसी संगत बातचीत में उतरने की जगह तेज़ कार चलाते हुए उसे सर के बल खड़ा कर देने को कहीं ज़्यादा वाजिब समाधान समझता है.

3/17/2011

माई फ्रेंच सिन (सच्‍ची)

सच पूछिये तो जापानी सुनामी के विध्‍वंसों के नीचे कराहती दुनिया में प्रेम पर सोचने का यह समय नहीं है. जापान सोचने से फ़ुरसत बने तो लोग थोड़ा लीबिया ही सोच लें, प्रेम पर सोचने को अभी आगे बहुत समय मिलेगा, रहेगा. मैं यूं भी प्रेम-ट्रेम को लेकर बहुत उत्‍साही रहनेवाला जीव नहीं. मगर देखिए, स्थितियां होती हैं, आदत का मारा आदमी होता है, बात जापान से शुरु करके लिये प्रेम पर ही आता है. सोचकर शर्म हो रही है. मगर प्रेमगिरा पंक शर्म ही करता रहा तो फिर प्रेम किस खुराक के बूते करेगा? सॉरी.

तो मैं कह रहा था? हां. भीड़ में अचक्‍के भेंटाये दिलकश, अंतरंग साथ की तरह मिल जाती हैं फ़ि‍ल्‍में. कुछ. कभी. (बीवेयर, हिंदी सिनेमा में नहीं मिलतीं. ऑलमोस्‍ट. किसी अच्‍छे की उम्‍मीद के शगुन की शक्‍ल में भी नहीं. इतने क्‍या फर्क पड़ता है जितने भी खून माफ, या दोगली नकचढ़ी जिंदगी के नाम पर बचकानी, हास्‍यास्‍पद अदाबाजियां मिलती हैं, जिनकी संगत में अच्‍छा-खासा मुस्‍कराता आदमी दर्द से सिर पकड़ ले, शर्म से झुका ले, या भागकर डॉक्‍दर से मशविरा करने पहुंच जाये कि बुरी फिल्‍मों से बच लेने की क्‍या दवाइयां हैं..) कि प्रेम विरोधी मन भी असमंजस में ज़रा देर को भावुक हो जाये. सामनेवाले को रात के खाने के लिए रोक लेने जितना आत्‍मीय हो जाये, मनुष्‍यत्‍व का स्‍केल निकालकर अपनी छोटाई नापकर शर्मिंदा होने लगे. कि शर्मिंदगी में भी देर तक मन खिला रहे. ताज्‍जुब करता कि एक सीधी सी कहानी ही तो थी, कि इस बुनावट में ऐसा क्‍या खास था जिसमें ढुलककर आप यूं उलझे, उलझते गए?

जैसे अभी कुछ दिनों पहले फेसबुक के अपने पन्‍ने पर मैंने जोडी फोस्‍टर की फ़ि‍ल्‍म, होम फॉर द हॉलिडेज़ का लिंक चिपकाया था, कि अरे, क्‍या रपटीली, दौड़ती फ़ि‍ल्‍म है. अपने अरमानों में बहुत महत्‍वाकांक्षी न भी हो तब भी हॉलीवुड का मस्‍ती-मस्‍ती में लजीज़, जलेबीदार तरीकों से कथा कहने का यह जानर कितना एंटरटेनिंग व प्रभावी होता है (जैसे बेन स्टिलर एक्‍टेड पिछले दिनों एक और फ़ि‍ल्‍म देखी थी, ‘ग्रीनबर्ग’). लेकिन सॉरी, मैं अपनी फ्रेंच प्रेयसी की बाबत कह रहा था.

काफी महीने हुए छोटे शहर की एक निर्दोष सी अनमैच्‍ड, डूम्‍ड फ्रेंच प्रेमकथा पर नज़र गई थी, फ़ि‍ल्‍म के नाम का स्‍थूल अंग्रेजी रुपान्‍तर था ‘गवैया’. जिस कमउम्र लड़की के पीछे बुढ़ा रहे, और धीरे-धीरे प्रेम के बाज़ार में अब बेमतलब हो चले ज़ेरार देपारद्यू को बहुत सारा दर्द मिलता है वह लड़की थी सेसिल द फ्रांस. बूढ़े ज़ेरार की तरह तभी मुझे सबक ले लेना चाहिए था, मैंने लिया भी था ही. कि सेसिल तुम्‍हारे और मेरे रास्‍ते बहुत अलग-अलग हैं. लेकिन देखिए, प्रेम में कैसे सरल, सीधी समझ उलटकर फिर सिर के बल भी खड़ा होती रहती है. ठने, ठाने तरीके से चाहता था सेसिल से दूर रहूं मगर लड़की है कि फिर दिखी. इस बार हॉलीवुड के पके बूढ़े की संगत में थी- क्लिंट ईस्‍टवुड की ‘हियरआफ्टर’ में थी, और अभी उस सुनामी का असर पूरी तरह चुका भी नहीं था कि मैं जाने कहां से एक पुरनके, 2006 के ‘ऑकेस्‍ट्रा सीट्स’ की महफ़ि‍ल में घुसा चला आया. इससे पहले भी दानियेल थॉम्‍पसन की दो फ़ि‍ल्‍में देखी थीं मगर नहीं जानता था लोगों की ही तरह संगीत का वह इतना उम्‍दा ऑर्केस्‍ट्रेशन अरेंज करवाना जानती हैं, कोरियोग्राफ़ी सजाना जानती हैं. और सब कशीदाकारी के बीचोंबीच अपनी सेसिल तो थी ही, बदकार अपने ऑर्डिनरीनेस में मुस्‍कराये जाती, मुझसे अड़ि‍यल को और असहज बनाती. मुझ पर नज़र जाते ही लड़की छूटकर बोली, ‘ओ मेर्द, हाऊ अग्‍ली यू आर?’ हड़बड़ी में नाक का पसीना पोंछते मैंने सहज होकर कहा, ‘चलो, कम से कम एक विषय पर तो हमारी राय मिलती ही है.’

सुनकर सेसिल हंसने लगी. उस हंसी में एक बार फिर लुटा मुझसा प्रेम-विरोधी भी चट जान गया कि हमारे बीच अभी कितनी-कितनी फिल्‍मों का संबंध बना रहनेवाला है.