5/14/2012

अंतरंग अजनबी..

एडोलेसेंस ठुमकता नहीं गुज़रता, छाती में किसी जंगखाये खंजर की तरह गड़ा, अटका रहता है. जॉन दीगन की ऑस्‍ट्रेलियन फ़ि‍ल्‍म ‘द ईयर माई वॉयस ब्रोक’ (’87) इसी उलझे किशोरावस्‍था के भूगोल में घूमती है. धीमे-धीमे गिरह खोलने का कभी सुघड़ भावलोक बुनती है. हाई स्‍कूल निपटाकर अब कॉलेज की ओर निकलने से पहले की एक जश्‍नी सांझ में चंद किशोरों का मन व उनके आसपास का संसार लम्‍बे ट्रैकिंग शॉट्स में संवारती और खंगालती चलती, जॉर्ज लुकाच की सन् तिहत्‍तर की फ़ि‍ल्‍म ‘अमेरिकन ग्रैफिटी’ का पेस तो और धीमा है (गो सिनेमेटि‍कली ज़्यादा सुरीला है) क्‍योंकि यहां कहानी सिर्फ़ एक सांझ, गुज़रती रात की हो रही है, मगर चूंकि यह ऑस्‍ट्रेलिया नहीं अमरीका है, और जॉर्ज लुकाच का है, यहां जंगखाये खंजर के घाव नहीं हैं, ताज़ा-ताज़ा जीवन में उतरे कारों और प्रेम और ‘जाने कौन-सा कैसा तो भविष्‍य’ की अनिश्चिंताओं, तीव्र रोमान की, सुरीली कॉरियोग्राफ़ी है.

कल रात, तीसरी मर्तबा, फिर से ‘मैन ऑन द ट्रेन’ देखकर खुश हो रहा था, कि निर्देशक की अपने माध्‍यम के साथ क्‍या मोहब्‍बत है, इकॉनमी में एक्‍टर के चेहरे (ज़्यां रोशफॉर) से क्‍या-क्‍या भाव निकलवाते रहने की क्‍या माहिरी है. छत्‍तीस फ़ि‍ल्‍मों के लम्‍बे करियर में फ्रांसीसी पैट्रिस लेकों ने कुछ उतनी नहीं बनाई हैं, मगर काफ़ी सारी काफ़ी अच्‍छी फ़ि‍ल्‍में बनाई हैं, थ्रिलर्स के उस्‍ताद लिखवैया जॉर्ज सिमेनॉन की रचना पर आधारित ‘मोश्‍यू हायर’, मन के उलझावों के तारों का संगीत समझती ‘द हेयरड्रेसर्स हस्‍बैंड’, ‘गर्ल ऑन द ब्रिज’, ‘इंटिमेट स्‍ट्रैंजर्स’; या समय और समाज में सत्‍ता का महीन विमर्श बुनती, निहायत सुलझी फ़ि‍ल्‍में ‘सां पियेर की बिधवा’ व ‘रिडिक्‍यूल’.. कहीं से हाथ लहे तो, आखिर की दो तो ज़रुर ही देखें.

2/21/2012

कैनडा की बबुनी तुतली पुतली..

अमरीका, और शायद दूसरी भी बड़ी दुनिया की नज़रों में एक लगभग बेमतलब-सा देश होता है, जिसके होने पर अमरीका में ढेरों लतीफ़े होते हैं, भले उस बेमतलबी, आज के कारोबारी देश-समय में एक अनोखी, अनूठी निर्माण व वितरण की संस्‍था‍ होती है, जिसकी छतरी के नीचे से न केवल क्‍लॉड जुत्रा का विरल तरल संसार (विनोदकुमार शुक्‍लीय संसार कहूं? मगर कुछ साहित्यिक परिचितों से पहले कहा था, वह बाद में जुत्रा प्रकरण पर मेरी राय सुनने से बचने लगे थे..) बाहर आया होता है, निगरानी में पूरा पूरा एक बागीचा होता है, कितनी, कहां-कहां की रुपकथाएं होती हैं, एनीमेशन का एक समूचा धनमन संसार होता है, बाकियों को बाद में समझते रहियेगा, फिलहाल यही एक और दो के ज़ायके में तरिये..  

2/18/2012

सॉते, पिकोली, श्‍नाइडर.. क़िस्‍सा-ए-ज़िंदगी..

याद है लीनो वेंतुरा और नौजवान बेलमोंदो की काली-सफ़ेद उदास, तने तार सी चोट करती, पेट में गांठ बनाती फ्रेंच थ्रिलर “द बिग रिस्‍क”? सन् साठ की बनी फ़िल्‍म की स्‍टोरीटेलिंग और सिनेमैटिक उठान ऐसी थी कि दो साल पहले “टच ऑफ़ इविल” का सिनेमाई सप्‍तम बजा गए बाबू ऑरसन वेल्‍स‍ भी उसे देखकर क्‍लॉद सॉते को दाद देते. सॉते हिंदी और हिंदुस्‍तानी प्रियसुदर्शन होते तो फिर सारे जीवन छोटा रिस्‍क, एक और रिस्‍क और तीन रिस्‍क की राइसाइकलिंग करते होते.. मगर फ्रेंच सिनेकारों का ही मज़ा है कि वो जीवन भर एक ही मुन्‍ना भाई और हम दिल दे चुके बलम नहीं खेलते, गाते और भुनाते रहते, सॉते एक अकेले नहीं थे, ढेरों फिल्‍मकारों के साथ है कि बड़ी सफलताओं के बाद पहचानी और भुनी लीक के दायरे से बाहर, एकदम दूसरे सुर की रचनाएं कीं. (अपना फ्रांसुआ याद आया? त्रूफो? '400 ब्‍लोज़', 'ज़ूल व ज़िम', 'शूट द पियानो प्‍लेयर', 'एदेल एच की कहानी' या 'फारेनहाइट 451' में कहीं कभी कोई समानता नज़र आई?सिवाय एक पहुंचे हुए सुर के खुमार के?). ख़ैर. होता है. फ्रेंच सिनेमा में दिखता है. त्रूफो वाले रास्‍ते पर बहुत सारे फिल्‍मकार चलते दिखेंगे. इसीलिए वेंतुरा की सनसनी के दस वर्षों बाद अस्‍वाभाविक नहीं कि 1970 में सॉते मिशेल पिकोली, रोमी श्‍नाइडर और लीया मस्‍सारी के साथ “द थिंग्‍स ऑफ़ लाइफ़” बना रहे थे,
फ़ि‍ल्‍म के आखिर का आधा घंटा कार एक्‍सीडेंट में पिकोली का जख़्मी होना और अवचेतन में खुद से गुफ्तगू का बड़ा डेंस डॉक्‍यूमेंटेशन है. ऐसी गुफ्तगू फ्रेंच फिल्‍मों में ही संभव होते हैं. एक्‍सीडेंट के कुछ पहले पिकोली एक दूसरी तरह की दुर्घटना से गुज़र रहा है, उसके साथ कार में बैठी उसकी प्रेमिका श्‍नाइडर उसकी बाबत कुछ नेक़ विचार उसके कोट पर टांक रही है, उसी बातचीत की चंद पंक्तियां, अंग्रेजी में, मैं यहां टीप रहा हूं :

“You love me because I'm here. But if you had to cross the street, you'd be lost. You're like an old man… I want to weep. Because I'm tired. Tired of loving you… I can't give you what you no longer have: an island, old friends, a boat... a school, I don't know... streets, towns, a garden... a story. We have no story. For you, it's like childless couples... It's a failure. I can do nothing about it… You've nothing to say?”

ज़ाहिर है पिकोली प्रेमिका के साथ किसी संगत बातचीत में उतरने की जगह तेज़ कार चलाते हुए उसे सर के बल खड़ा कर देने को कहीं ज़्यादा वाजिब समाधान समझता है.