Showing posts with label मंटू के बहाने. Show all posts
Showing posts with label मंटू के बहाने. Show all posts

3/18/2007

ये ईरानी-मुसलमानी का हमें क्‍या करना, भाई साब?

मंटू इधर फिर विचलित लग रहे थे. मुंह खोलकर कहा नहीं लेकिन दैहिक भंगिमाओं से ज़ाहिर कर रहे थे कि कैसी गहरी पीडा से गुज़र रहे हैं. हमारे हाथ, झोले, किताबों के आजू-बाजू और टीवी पर जब से ईरानी फिल्‍मों की संख्‍या बढी है, तभी से मंटू बाबू की यह नई बेचैनी छलकना शुरु हुई है. आज रहा नहीं गया होगा सो सुबह-सुबह बिना दांत-मुंह धोये सीधे बैठक में घुसे आए. नमस्‍ते-समस्‍ते कुछ नहीं. सीधे काम की बात. ‘भाई साहब, आप ये ठीक नहीं कर रहे. हमारे यहां फिल्‍में कम हैं कि आप ईरानी-‍सीरानी के चक्‍कर में पड रहे हैं? आप अनसोशल हो रहे हैं, दुनिया से कट रहे हैं!’...

स्‍क्रीन में कुछ बेहूदा तेलुगु फिल्‍मों की समीक्षा देख रहा था. हाथ का अखबार एक ओर करके मुस्‍कराने लगा, ‘ये अच्‍छा है, मंटू मियां. तुम हिंदी फिल्‍मों की वकालत में हमें अनसोशल और दुनिया से कटा बताओ! कितनी सोशल और दुनिया से जुडी हुई हैं तुम्‍हारी हिंदी फिल्‍में? जस्‍ट मैरिड ज्‍यादा जुडी है या धूम टू जिसकी डीवीडी उठाकर तुमने खिडकी के बाहर फेंकने की धमकी दी थी?

मंटू समझ रहा था मैं उसे अपने तर्कों में फांस रहा हूं. तमककर कहा, ‘ठीक है, ठीक है, जैसे बूढे आप वैसा ये क्‍यारोस्‍तामी. देखकर लगता है कोई डायरेक्‍टर नहीं किसी सफाई कंपनी का इंजीनियर है!’ मैंने कहा, ‘उसमें क्‍या बुराई है. किसी उटपटांग सर्कस कंपनी के रिंग मास्‍टर की तुलना में इंजीनियर ज्‍यादा काम की चीज़ है. अपने को ज्‍यादा पसंद है.’ मंटू कुर्सी में बेचैन होने लगा, ‘आप समझते नहीं... ये ईरानी-मुसलमानी फिल्‍मों का हमें क्‍या करना है, भाई साब!’

‘अगर यह है तुम्‍हारी चिंता तो फिर तो तुम्‍हें सिर्फ और सिर्फ नेपाली फिल्‍में देखनी चाहिये. सैफ और शाहरुख की भी देखना बंद करो तुम्‍हारे संस्‍कार खराब होंगे,’ मेरे मुस्‍कराने से मंटू और चिढ रहा था. इस बात से खीझ रहा था कि वह बिना ढंग की तैयारी के इस बैठक तक चला आया था. मैंने बात आगे बढाई, ‘ईरानी फिल्‍में काटती नहीं हमें दुनिया से जोडती हैं, मंटू. दो-तीन फिल्‍में देख लो, फिर बात करना.’

मंटू चिढकर कुर्सी से उठ खडा हुआ, ‘आपसे कुछ भी कहना बेकार है!’ और तेजी से बाहर निकल गया. स्‍क्रीन उठाकर मैं वापस बेहूदा फिल्‍मों की बेहूदा समीक्षाओं में लौट गया. मंटू की मुझे चिंता नहीं थी क्‍योंकि जानता था वह शाम को फिर आयेगा, कैजुअली दो ईरानी फिल्‍में उठाकर ले जाएगा और बाद में जब पुछूंगा कैसी लगी तो सिर खुजलाते हुए सीधे जवाब देने से कतरायेगा. फिर अचानक कहेगा, ‘ठीक हैं, लेकिन वैसी कोई फाडू चीज़ नहीं कि आप इतनी हवा बना रहे थे. और वो इंजीनियर- क्‍यारोस्‍तामी, वो सही है, भाई साहब!’

(ऊपर: क्‍यारोस्‍तामी का लैंडस्‍केप, नीचे: एबीसी अफ्रीका की शुटिंग के दौरान युगांडा में बच्‍चों के बीच)

2/28/2007

सैफ ने छोड दी है अब शाहरुख की बारी है

मंटू मुझसे उम्र में बारह वर्ष छोटा और हिंदी फिल्‍मों के उत्‍साह की दृष्टि से बीस वर्ष बडा है. अपने कमरे में उसने प्रीति झिंटा नहीं मनोज बाजपेयी और इरफान खान की फोटो लगा रखी है. तिग्‍मांशु धुलिया का भक्‍त और ‘रंग दे बसंती’ को इस सेंचुरी की बेस्‍टमबेस्‍ट फिल्‍म मानता है. न माननेवाले को बहस और हाथापाई से मनवा लेने की आस्‍था रखता है. हमारे संग उसके कभी खुशी कभी ग़म वाले संबंध हैं. ‘ब्‍लैक फ्राइडे’ वाली टिप्‍पणी पढकर वह प्रसन्‍न हुआ था, और गुरु दत्‍त में हमें पिला देखकर पका हुआ था. –ब्‍लैक एंड व्‍हाईट फिल्‍मे अब कौन देखता है, भाई साहब? पांच दिनों बाद मंटू फिर हाजिर हुआ है, और कुर्सी में सिगरेट जलाकर रेस्‍टलेस हो रहा है.

मेरे शांत बने रहने पर आखिरकार मंटू चिढकर कहता है, अब तो शाहरुख को भी फ़ैसला लेना ही होगा. पूछने की गरज से पूछता हूं कैसा फैसला. मंटू अब अपने रंग में आता है, अरे, वही. हॉस्पिटल से निकलने के बाद फोन आया ही होगा. सैफ ने कहा होगा, किंग, तू भी अब छोड ही दे, यार! शाहरुख ने चिढकर कहा होगा, अबे, असल नवाब की औलाद, तेरे पीछे-पीछे मैंने भी घबराकर सिगरेट छोड दी तो खाक़ किंग रहूंगा. फिर पेप्‍सी, सिगरेट, गौरी और बच्‍चों के सिवा अपने पास और है क्‍या! दोनों के बीच सीरियस सिगरेट डिसकसन चल रहा होगा. आप इस पर लिखो, भाई साब, हंसते हुए कहकर मंटू प्रसन्‍न हो गया, सिगरेट के गहरे कश लेने लगा. गुरु दत्‍त को पीछे धकियाकर अपने नये चहेते सैफ को आगे स्‍थापित करने की वह एक महीन रणनीतिक कोशिश कर रहा था.

मैंने दिलचस्‍पी दिखाते हुए एक पैर उठाकर सोफे की बांह पर रख दिया और पूछा और किस-किस पर लिखें? अनुराग कश्‍यप पर एक सीरिज़ लिख सकते हो. क्‍या-क्‍या फिल्‍म बनाई उसने, क्‍या नहीं बना सका, क्‍या बनानेवाला है. फिल्‍म, फैमिली, इंडस्‍ट्री के फ्यूचर सबके बारे में उसकी सोच क्‍या है (फिर मंटू ने मुझे सूचित किया कि भले यह काम प्‍यासा वाली टिप्‍पणियों से ज्‍यादा समझदारी व जनहित में महत्‍वाकांक्षी सेवा होगी और वह इसके लिए अनुराग का फोन नंबर खोजकर मुझसे बात करवाने को उसे तैयार भी कर लेगा, मगर इसके लिए हमें अभी थोडा सब्र करना होगा, क्‍योंकि इन दिनों अनुराग पत्‍नी आरती बजाज के साथ छुट्टी मनाने विदेश गया हुआ है). लेकिन हताश होने जैसी कोई बात नहीं. इस दरमियान मैं हिंदी सिनेमा की चिंताओं व समझ के नये चेहरे के बतौर खुद मंटू पर एक प्रोफाईल कर सकता हूं!

मैं कुछ प्रतिक्रिया दूं इसके पहले ही मंटू सिगरेट बुझाकर, ऑलमोस्‍ट सैफ-सी अदा में मुझे देखता धीमे-धीमे मुस्‍कराने लगा. खेद की बात यह थी कि मेरे पास डिजिटल कैमरा नहीं है. उससे ज्‍यादा शर्म की बात कि पुराना कोडैक कैमरा भी अर्से से काम नहीं कर रहा.